Breaking News

National Games 2023: पुरुष बैडमिंटन टीम ने उत्तराखण्ड को दिलाया पहला पदक, अल्मोड़ा की अदिति महिला एकल के फाइनल में

देहरादून: गोवा में आयोजित 37 वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड की बैडमिंटन टीम का शानदार प्रदर्शन रहा। पुरूष बैडमिंटन टीम ने कांस्य पदक जीतकर उत्तराखण्ड को पहला पदक दिलाया है। महिला एकल में अल्मोड़ा की अदिति भट्ट ने अपने शानदार प्रदर्शन के बदौलत महिला एकल के फाइनल में कदम रखा। इसी के साथ अदिति स्वर्ण पदक की दौड़ में शामिल हो गई।

उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन संघ के सचिव बी.एस मनकोटी ने बताया कि उत्तराखण्ड की पुरुष बैडमिंटन टीम में चिराग सेन, आदित्य जोशी, बोधित जोशी, चयनित जोशी, ध्रुव रावत, ध्रुव नेगी, ध्रुव नेगी, हिमांशु तिवारी, अंश नेगी व सोहेल अहमद शामिल थे। टीम ने कोच डी.के सेन के निर्देशन में एकजुट होकर शानदार प्रदर्शन कर पदक प्राप्त किया। टीम मैनेजर के रूप में निर्मला सेन थी।

उत्तराखण्ड की टीम ने दिल्ली की टीम को 3-2 से हराकर कांस्य पदक जीता। पहले एकल में उत्तराखण्ड के चिराग सेन को दिल्ली के कार्तिकेय गुलशन से 18-21 व 14-21 से हार का साना करना पड़ा। दूसरे एकल में आदित्य जोशी ने दिल्ली के अर्जुन रेहानी को 21-17 व 21-19 से हराया।

पहले युगल में उत्तराखंड की जोड़ी चिराग़ सेन व ध्रुव रावत ने दिल्ली की जोड़ी कौस्तुभ व स्वर्ण राज बोरा को सीधे सेटों में 21-19 व 21-16 से हराया था। तीसरे एकल में उत्तराखण्ड के ध्रुव रावत ने दिल्ली के अभिन्न वशिष्ठ को 16-21, 21-11 व 21-14 से हराया था।

दूसरे युगल में उत्तराखण्ड की जोड़ी चयनित जोशी व शशांक क्षेत्री को दिल्ली की जोड़ी हर्ष राणा व निथिन कुमार से 21-23 व 14-21 से हार का सामना करना पड़ा।

उत्तराखण्ड की पुरुष बैडमिंटन टीम अगस्त माह में कलकत्ता में आयोजित ईस्ट ज़ोन इंटर स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता में लगातार तीसरी बार चैंपियन बनी थी। उत्तराखण्ड की टीम देश की 6 टीमों में से एक थी, जिन्होंने राष्ट्रीय खेलों के लिये क्वालीफाई किया था।

अदिति भट्ट महिला एकल के फाइनल में

अदिति भट्ट एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन के चलते महिला एकल के फाइनल में स्थान बनाकर स्वर्ण पदक की दौड़ में शामिल हुई। प्री कवार्टर फाइनल में अदिति भट्ट ने हरियाणा की इरा शर्मा को 21-18, 23-21 व 21 16 से हराया था। क्वार्टर फाइनल में अदिति ने गुजरात की अदिति राव को सीधे सेटों में 21-11 व 21-14 से पराजित किया। सेमी फाइनल में अदिति भट्ट ने तेलन्गाना की मेघना रेड्डी को 7-21, 24-22 व 21-16 से हराकर फाइनल में जगह बना ली।

 

कोच डी.के सेन के साथ महिला बैडमिंटन खिलाड़ी अदिति भट्ट, फोटो- इंडिया भारत न्यूज

 

फाइनल में अदिति की टक्कर कल अल्मोड़ा की ही अनुपमा उपाध्याय से होगी। अनुपता वर्तमान में हरियाणा से खेलती है। इससे पहले पिछले राष्ट्रीय खेल, गुजरात में महिला एकल में उत्तराखंड की अदिति भट्ट ने कांस्य पदक जीता था।

उत्तराखण्ड टीम के प्रथम बार राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने पर तथा अदिति भट्ट के फाइनल पहुचने पर उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन संघ की अध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक समेत समस्त उत्तराखण्ड बैडमिंटन परिवार, उत्तराखण्ड ओलंपिक संघ के महासचिव डी.के सिंह सहित समस्त खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों व उनके कोच डी.के सेन व मैनेजर निर्मला सेन को बधाई प्रेषित की हैं। तथा अदिति को फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

 

26 अक्टूबर को होगा औपचारिक उद्घाटन

गोवा में 37वें राष्ट्रीय खेल औपचारिक उद्घाटन से बीते गुरुवार को बैडमिंटन टूर्नामेंट के साथ शुरू हो गए हैं। गुरुवार सुबह यहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, खेल मंत्री गोविंद गौडे और अन्य की मौजूदगी में बैडमिंटन टूर्नामेंट की शुरुआत हुई। 37वें राष्ट्रीय खेलों का औपचारिक उद्घाटन 26 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।

 

 

हमसे whatsapp पर जुड़े

हमसे youtube पर जुड़ें

https://youtube.com/channel/UCq06PwZX3iPFsdjaIam7Di

Check Also

खाद्य सुरक्षा विभाग ने घी, पनीर समेत 7 नमूने जांच को भेजे, टीम ने कई प्रतिष्ठानों का किया औचक निरीक्षण

  अल्मोड़ा: खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम का खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण अभियान जारी है। …