महाराष्ट्र व कर्नाटक के खिलाड़ी ने समान स्कोर कर जीता कांस्य पदक
अल्मोड़ा। 38वें राष्टीय खेलों की योगासन स्पर्धा में देशभर के खिलाड़ी न सिर्फ अपना हुनर दिखा रहे हैं बल्कि मेडल जीत अपने राज्य का मान भी बढ़ा रहे हैं। सोमवार को योगासन स्पर्धा के चौथे दिन हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में महिला वर्ग की ट्रेडिशनल योगासन एकल का फाइनल राउंड हुआ। जिसमें पश्चिम बंगाल की बेटियों ने बाजी मारी और स्वर्ण तथा रजत पदक अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल की ऋतु मंडल स्वर्ण पदक और पश्चिम बंगाल की ही साथी मंडल रजत पदक पर जीतने में कामयाब हुई। जबकि कर्नाटक की अनन्या सम्बय्या तथा महाराष्ट्र की सुहानी भाऊराव गिरीपुंजे तीसरे स्थान पर रही। दोनों खिलाड़ियों के समान स्कोर होने पर उन्हें कांस्य पदक प्राप्त हुआ है।
पश्चिम बंगाल की ओर से ऋतु मंडल ने 61.42 का स्कोर किया। जबकि साथी मंडल 60.75 के स्कोर के साथ उपविजेता रही। वही, कर्नाटक की अनन्या सम्बय्या तथा महाराष्ट्र की सुहानी भाऊराव गिरीपुंजे दोनों का स्कोर 60.58-60.58 रहा। फाइनल में पांच राज्यों के आठ खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिसमें पश्चिम बंगाल, महाराष्ट व पंजाब के दो दो खिलाड़ी शामिल रहे।
गोल्ड मेडल अपने नाम करने वाली ऋतु मंडल ने कहा, इस सफलता के लिए बहुत मेहनत की थी। उन्होंने इसका श्रेय वह अपने परिवार, कोच और समर्थन करने वालों को दिया। कहा कि यह मेरे लिए गर्व का क्षण है।
योगासन स्पर्धा 31 जनवरी से चार फरवरी तक आयोहित होगी। जिसमें 22 राज्यों के 171 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पांच श्रेणियों में आयोजित हो रही स्पर्धा में ट्रेडिशनल योगासन, आर्टिस्टिक योगासन सिंगल, आर्टिस्टिक पेयर, रिदमिक पेयर और आर्टिस्टिक ग्रुप शामिल हैं। इन सभी श्रेणियों में कुल 66 पदक दिए जाएंगे, जिसमें 22 स्वर्ण, 22 रजत और 22 कांस्य पदक शामिल हैं।
India Bharat News Latest Online Breaking News