अल्मोड़ा। बिनसर धाम के निकट सोनी देवलीखेत और जालिखान में शराब की दुकान को बंद करने की मांग को लेकर कृषक कृषि बागवानी और उद्यमी संगठन के महासचिव व सामाजिक कार्यकर्ता दीपक करगेती ने सोमवार को डीएम आलोक पांडे से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। साथ ही क्षेत्र में अवैध शराब तस्करों पर कठोर कार्यवाही किए जाने की मांग की।
दीपक करगेती ने ज्ञापन में कहा कि देवभूमि में राजस्व बढ़ावा देने के लिए केवल शराब के व्यवसाय को बढ़ावा देना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच दिन से समर्थकों के साथ वह क्रमिक अनशन पर है। शासन प्रशासन को इस प्रकरण को गंभीरता से प्रकरण को लेते हुए शराब की दुकान खोलने पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जन जागरण के दौरान ग्रामीण महिलाओं, बुद्धिजीवी वर्ग ने क्षेत्र में अवैध तस्करी की बात कही है। उन्होंने डीएम से ग्राम प्रहरियों, राजस्व अधिकारियों व पुलिस की मदद से अवैध कारोबार को बंद कराने की मांग की है।
करेगती ने बताया कि डीएम ने वार्ता के दौरान अवगत कराया कि सोनी देवलीखेत की प्रस्तावित शराब की दुकान खोलने के विरोध में जनता के आक्रोश को देखते हुए शासन को पत्राचार किया गय है, जिसका निर्णय शासन स्तर पर होना है। उधर, शराब की दुकान के विरोध में पांचवें दिन भी क्रमिक अनशन जारी रहा। वयोवृद्ध समाजसेवी श्याम दत्त पपनै, सेवानिवृत्त शिक्षक विपिन चंद्र उपाध्याय, महेंद्र सिंह, चिलियानौला नगर पालिका अध्यक्ष अरुण रावत, हेमंत आर्या, मनोज कुमार, अतुल जोशी ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
India Bharat News Latest Online Breaking News
