अल्मोड़ा। पर्वतीय जिलों में गुलदार का आंतक थम नहीं रहा है। जिले के द्वाराहाट क्षेत्र में अलग-अलग घटनाओं में गुलदार ने एक किशोरी सहित तीन लोगों पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर वन विभाग की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद तीनों को घर भेज दिया गया है। भय के साए में गुजर बसर कर रहे ग्रामीणों ने गुलदार के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
पहली घटना कांडे रोड पर हुई। मौहड़ी निवासी नवीन चंद्र कांडपाल स्कूटी से अपने घर की ओर जा रहे थे। किलमोड़ीगैर के समीप गुलदार ने उनपर अचानक छलांग लगा दी। जिससे उनके शरीर पर नाखूनों के घाव पड़ गए। स्कूटी से दूर छिटक जाने के कारण उनके अन्य हिस्सों में चोट पहुंची है।
दूसरी घटना रौन क्षेत्र में घटित हुई। पातल (असगोली) निवासी रमेश सिंह अधिकारी बेढूली से अपने घर की ओर जा रहे थे। झाड़ियों में घात लगाए गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। जिससे उनके जबड़े, माथे और सर पर गहरे घाव बने हुए हैं। लहूलुहान रमेश सिंह अधिकारी सहित नवीन चंद्र कांडपाल को वन विभाग की टीम और स्वजन बीती शाम सीएचसी लाए।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. रविशंकर ने बताया कि पातल निवासी रमेश सिंह नौ टांके लगाए गए हैं। जबकि नवीन कांडपाल का भी समुचित उपचार करने के बाद दोनों को घर भेज दिया गया है।
तीसरी घटना रविवार सुबह की है। ध्याड़ी निवासी संगीता बिष्ट पर आंगन में ही गुलदार झपट गया। उसके शोर मचाने पर वह भाग तो गया। लेकिन उसके अंगूठे पर दांत गढ़ा गया। स्वजन उसे तत्काल सीएचसी ले गए। उपचार के बाद उसे भी घर भेज दिया गया।
गुलदार के हमले की सूचना पर दोनों घायलों को सीएचसी ले जाकर उपचार करवा दिया है। नवीन कांडपाल को दो हजार तथा रमेश सिंह अधिकारी को पांच हजार की राशि उपचार के लिए देने के साथ ही रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। नियमानुसार शेष मुआवजा राशि तत्काल दे दी जाएगी
-गोपाल दत्त जोशी, वन क्षेत्राधिकारी चंथरिया रेंज, द्वाराहाट।
India Bharat News Latest Online Breaking News