-कहा, जल्द एसआईटी को सौंपूंगी साक्ष्य
-कहा, मेरा उद्देश्य अंकिता को न्याय दिलाना
-अभिनेत्री बोलीं मुझे निशाना बनाया जा रहा
देहरादून: उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और सोशल मीडिया पर अपने बयानों से भूचाल लाने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर मंगलवार देर रात देहरादून पहुंची। सामाजिक कार्यकर्ता दर्शन भारती के साथ दिल्ली से दून पहुंचीं उर्मिला ने स्पष्ट किया कि वह जल्द ही पुलिस और एसआईटी के सामने पेश होकर अपने पास मौजूद साक्ष्य सौंपेंगी।
खुद पर दर्ज मुकदमे को निराधार बताया
मंगलवार रात दून पहुंचने पर उर्मिला सनावर ने मीडियाकर्मियों से कहा कि उन पर दर्ज किए गए मुकदमे पूरी तरह निराधार हैं। आरोप लगाया कि उन्हें इसलिए निशाना बनाया गया ताकि एसआईटी जांच के जरिए उन पर दबाव बनाया जा सके। कहा कि मैं अंकिता भंडारी हत्याकांड के पुख्ता सबूत लेकर आई हूं और मेरा मुख्य उद्देश्य उसे न्याय दिलाना है। जल्द वह जांच कर रही है एसआईटी के सामने पेश हो सकती हैं।
सहारनपुर में चस्पा हुआ था नोटिस
पिछले दिनों उर्मिला ने सोशल मीडिया पर किए गए खुलासों और भाजपा नेताओं पर लगाए गए आरोपों के बाद हरिद्वार और देहरादून में उनके खिलाफ केस दर्ज हुए थे। पुलिस ने उनके सहारनपुर स्थित आवास पर नोटिस चस्पा कर उन्हें बयानों और साक्ष्यों के साथ उपस्थित होने का आदेश दिया था। 29 दिसंबर को फेसबुक लाइव के बाद से ही उर्मिला के आने को लेकर सस्पेंस बना हुआ था, जो उनके दून पहुंचने पर खत्म हुआ।
उर्मिला नार्को टेस्ट के लिए सशर्त तैयार
अंकिता भंडारी हत्याकांड में साक्ष्यों को लेकर चर्चा में आईं उर्मिला सनावर अब अपना नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार है। यह दावा मंगलवार को उर्मिला को अपने संरक्षण में देहरादून लाने वाले स्वामी दर्शन भारती ने किया है। उन्होंने कहा कि उर्मिला अपना पक्ष एसआईटी के सामने रखेगी और साक्ष्य भी देगी पर पहले पूर्व विधायक राठौर को नार्को टेस्ट की सहमति देनी होगी।
दुष्यंत गौतम के केस में बढ़ी जांच की तपिश
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की तहरीर पर डालनवाला थाने में दर्ज मुकदमे की जांच भी तेज हो गई है। इसमें उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर छवि खराब करने और दंगे फैलाने की साजिश का आरोप लगाया गया है। एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने मीडिया को बताया कि मुकदमे से जुड़े तथ्यों को केस डायरी में शामिल किया जा रहा है।
India Bharat News Latest Online Breaking News
