इंडिया भारत न्यूज़ डेस्क: बिजली चोरी के मामलों में धरपकड़ के लिए विभागीय और विजिलेंस टीम लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में टीम द्वारा संयुक्त रूप से रूद्रपुर के कई इलाकों में छापेमारी की गई। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष के कार्यालय भवन में बिजली चोरी होते पाई गई। मामले में विभाग द्वारा BJP मंडल अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एसडीओ अन्नू अरोड़ा द्वारा ट्रांजिट कैंप थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। मंडल अध्यक्ष पर चोरी का मुकदमा दर्ज होने के बाद पार्टी में अंदरखाने सियासत गरमा गई है। मंडल अध्यक्ष स्थानीय विधायक के काफी करीबी माने जाते हैं।
एसडीओ अन्नू अरोरा ने थाने में दर्ज कराए मुकदमे में कहा है कि 30 जनवरी को उन्होंने विभागीय और विजिलेंस टीम के साथ ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बिजली चोरी को लेकर कार्यवाही की थी। इस दौरान धीरज गुप्ता निवासी ट्रांजिट कैंप के परिसर में बिजली चोरी मिली थी। इस पर चोरी में इस्तेमाल 10 मीटर केबल भी जब्त की गई।
इस मुकदमे की एफआईआर में दर्ज मोबाइल नम्बर धीरेश गुप्ता का है जो भाजपा मंडल अध्यक्ष हैं। धीरज उर्फ धीरेश गुप्ता दूसरी बार भाजपा के सरदार पटेल मंडल के अध्यक्ष हैं और पूर्व में नामित पार्षद भी रह चुके हैं। इसको लेकर राजनीति गरमा रही है। अब देखना है कि पार्टी इस मामले में क्या कदम उठाती है।
India Bharat News Latest Online Breaking News
