रुद्रपुर: उत्तराखंड में जंगली जानवर इंसान के जान के दुश्मन बने हुए हैं। ताजा मामला उधमसिंह नगर के जसपुर क्षेत्र का है। जहां एक 16 साल के किशोर को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद मृतक के स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में मातम पसरा हुआ है। पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
यह घटना पतरामपुर रेंज के दक्षिणी क्षेत्र में भोगपुर तीर्थ नगर नंबर एक के सुंदर नगर का है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार को अमरीक सिंह पशुओं को चारा डाल रहा था। अचानक बाघ ने उस पर हमला कर दिया। बाघ करीब 150 मीटर दूर तक उसे घसीटते हुए जंगल मे ले गया। आस पास के लोगों ने किशोर की चीख पुकार सुनकर उसका पीछा किया और शोर मचाने पर क्षत विक्षत हालत में किशोर को छोड़ कर जंगल की ओर भाग गया। इससे पहले लोग अमरीक को अस्पताल ले जाते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के पिता शैलेंद्र ने मीडिया को बताया कि उनका बेटा स्कूल से आने के बाद पशुओं के पास गया था। तभी बाघ उसे उठाकर ले गया। ग्रामीणों ने आदमखोर बाघ को पकड़ने की मांग की है।
घटना की सूचना के बाद तराई पश्चिम वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश चंद आर्य मौके पर पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि टाइगर के हमले में किशोर की मौत हुई है। उच्चाधिकारियों से अनुमति लेकर टाइगर को पकड़ने की कार्यवाही शुरू की जाएगी। मुआवजे की कार्यवाही शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार द्वारा नौकरी की मांग की गई है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया जाएगा।
India Bharat News Latest Online Breaking News