हल्द्वानी: दिल्ली निवासी महिला पर्यटक से मारपीट व दुष्कर्म का प्रयास करने वाले टैक्सी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
मंगवालर को घटना का अनावरण करते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि 5 मार्च को महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची। हल्द्वानी से वह ऑटो द्वारा काठगोदाम आई और वहाँ से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी हायर की और रात को काठगोदाम से नैनीताल के लिए प्रस्थान किया।
रात में लगभग 01:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक द्वारा वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाद्धांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। महिला द्वारा विरोध करने पर चालक ने वाहन रोककर महिला के साथ बदतमीजी, मारपीट कर दुष्कर्म का प्रयास किया तथा उसका मोबाइल फोन लूट लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके। 6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची घटनास्थल को सुरक्षित कर फरिनिसक टीम से निरीक्षण कराया गया तथा साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल पर धारा 64/309(6)/137 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र को शीघ्र गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा सीसीटीवी कैमरों, वाहन संख्या UK04TB 5500 वैगनार एवं वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम की सहायता से जांच करते हुए 39 वर्षीय चालक दीपक सिंह बोरा पुत्र नन्दन सिंह बोरा, निवासी गुजरीड़ा फतेहपुर थाना मुखानी, नैनीताल को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई और 10 घंटे के भीतर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि नैनीताल में पर्यटकों व आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
India Bharat News Latest Online Breaking News