Breaking News

अल्मोड़ा में 24-25 मार्च को आयोजित होगा ’33 वां उमेश डोभाल स्मृति समारोह’… आयोजन समिति ने बैठक कर तैयारियों को ​दिया अंतिम रूप

अल्मोड़ा: 33 वां उमेश डोभाल स्मृति सम्मान समारोह इस बार सांस्कृतिक व ऐतिहासिक नगर अल्मोड़ा में आयोजित होगा। आयोजन समिति द्वारा गुरुवार को बैठक कर कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही तैयारियों को अंतिम रूप देने और व्यवस्था संभालने के लिए सदस्यों को दायित्व भी सौंपे गए।

 

एक निर्भीक पत्रकार के रूप में याद किए जाने वाले स्व. उमेश डोभाल की याद में उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट, पौड़ी हर साल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम आयोजित करती हैं। इस कार्यक्रम में पत्रकारिता एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार दिए जाते हैं। इस वर्ष यह दो दिवसीय कार्यक्रम नगर के धारानौला स्थित जिला पंचायत सभागार में होगा।

 

बैठक में तय हुआ कि 24 मार्च को 11.30 बजे गांधी पार्क, चौघानपाटा से समारोह स्थल तक सांस्कृतिक जुलूस निकलेगा। जहां 2 बजे से उत्तराखंड राज्य के 25 वर्ष विषय पर वक्ता व्याख्यान देंगे। 25 मार्च को सम्मान समारोह समिति नामित प्रतिभागियों का सम्मान करेगी। आयोजन समिति ने सामाजिक, सांस्कृतिक, कर्मचारी, पत्रकार आदि संगठनों से कार्यक्रम में भागीदारी का आह्वान किया है।

 

बैठक में आयोजन समिति के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. हयात सिंह रावत, प्रकाश पांडेय, डा. निर्मल जोशी, राजेंद्र रावत, ईश्वर जोशी, जयमित्र बिष्ट, सीएस द्विवेदी, प्रेस क्लब उपाध्यक्ष कमलेश कनवाल, सचिव अशोक पांडे, कपिल मल्होत्रा, मोहित अधिकारी, किशन जोशी, हरीश भंडारी, दयाकृष्ण कांडपाल, नसीम अहमद, जगजीवन बिष्ट, दयानंद कठैत, शुभम जोशी, दिनेश भट्ट, अमित उप्रेती, देवेंद्र बिष्ट, शिवेंद्र गोस्वामी, हिमांशु लटवाल आदि सदस्य मौजूद रहे।

 

इस वर्ष इन लोगों को किया जाएगा सम्मानित

उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट द्वारा हर वर्ष उमेश डोभाल स्मृति सम्मान, राजेन्द्र रावत ‘राजू’ स्मृति जनसरोकार सम्मान, गिरीश तिवारी ‘गिर्दा’ स्मृति जनकवि सम्मान, भुवनेश्वरी जोशी प्रतिभा सम्मान एवं अनिरूद्ध जोशी प्रतिभा सम्मान दिया जाता है।

इस वर्ष ट्रस्ट द्वारा सुप्रसिद्ध साहित्यकार कपिलेश भोज को उनकी साहित्यधर्मिता, समर्पण, प्रेरणादायक और अनुकरणीय कार्य के लिए उमेश डोभाल स्मृति सम्मान 2025 दिया जाएगा। समारोह में राजेन्द्र रावत ‘राजू’ स्मृति जनसरोकार सम्मान पर्यावरण संवर्धन के प्रति समर्पित और वृक्ष प्रेमी के नाम से मशहूर किशन सिंह मलड़ा को दिया जायेगा। गिरीश तिवारी ‘गिर्दा’ स्मृति जनकवि सम्मान सुप्रसिद्ध रंगकर्मी यमुना राम को उनकी जनपक्षीय नाटकों और जनगीत के लिए दिया जायेगा।

ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया के युवा पत्रकारों को उनके विगत वर्षों में किये गये कार्यों के आधार पर पुरस्कार दिया जाता है। इसमें 11 हजार रूपये की धनराशि, प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्र भेंट किए जाते हैं।

Check Also

मजबूत संगठन ही BJP की ताकत, प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं : बिष्ट

-भाजपा की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) जिला कार्यशाला सम्पन्न   अल्मोड़ा: भाजपा कार्यालय में विशेष …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *