Breaking News

द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय स्थापना की प्रक्रिया तेज, 24 दिन बाद आंदोलन समाप्त

अल्मोड़ा: द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को लेकर लंबे समय से चल रहा आंदोलन अब समाप्त हो गया है। करीब 24 दिनों से जारी आंदोलन सोमवार को प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच समझौते के बाद खत्म हो गया।

 

उत्तराखंड शासन के तकनीकी शिक्षा सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा द्वारा जिलाधिकारी को पत्र जारी कर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र के अनुसार द्वाराहाट स्थित बीटीकेआईटी परिसर अंतर्गत ग्राम डढोली में उपलब्ध लगभग 0.153 हेक्टेयर भूमि केंद्रीय विद्यालय संगठन को हस्तांतरित किए जाने का प्रस्ताव है।
शासन स्तर से इस प्रस्ताव पर अनापत्ति प्रदान कर दी गई है और स्पष्ट किया गया है कि भूमि का हस्तांतरण निःशुल्क किया जाएगा।

 

जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर भूमि केंद्रीय विद्यालय संगठन को उपलब्ध कराई जाए।
भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होते ही द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।

 

विधायक मदन सिंह बिष्ट, उपजिलाधिकारी सुनील कुमार राज और तहसीलदार तीतिक्षा जोशी ने आंदोलनकारियों के साथ विस्तृत वार्ता की। वार्ता के बाद लिखित समझौता हुआ, जिसमें प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर इसी शैक्षणिक सत्र में विद्यालय प्रारंभ करने का प्रयास किया जाएगा।

 

प्रशासन ने यह भी आश्वस्त किया कि जन एकता मंच को एक सप्ताह के भीतर भूमि हस्तांतरण से संबंधित खतौनी उपलब्ध करा दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया। इसके बाद विधायक, उपजिलाधिकारी और तहसीलदार ने आमरण अनशन पर बैठे गोविन्द सिंह अधिकारी तथा पूर्व में अनशन कर चुके नन्दिता भट्ट, भुवन लहरी और नवीन मैनाली को जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त कराया।

 

इस दौरान जन एकता मंच के विनोद जोशी, नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या, सभासद हेम मठपाल, निरंजन साह, हेम रावत, जगत रौतेला, जोधा सिंह, उमेश भट्ट, आशुतोष शाही, भूपेन्द्र काण्डपाल, भगवान चौधरी, जीवन बिष्ट सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Check Also

Petrol Diesel Price Hike: फिर लगा महंगाई का झटका, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, पेट्रोल पहुंचा 100 के पार

नई दिल्ली: पिछले दो हफ्ते में लगातार चौथी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *