हल्द्वानी: नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में बुधवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वन निगम कार्यालय के पास दो कारों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मुस्तैदी से घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 17 जून की शाम पुलिस को डायल 112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिली। सूचना पर कालाढूंगी पुलिस तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। हादसा वन निगमके पास हुआ, जहां दो गाड़ियां आपस में टकरा गई थीं।
दुर्घटना का शिकार हुई कार संख्या UK 04AM 8740 को गोलापार निवासी विक्रम रावत चला रहा था। इस कार में हल्द्वानी निवासी साक्षी और कालाढूंगी निवासी भावना वालिया भी सवार थीं। वहीं, दूसरी कार संख्या UK 04S 297 में रामपुर चकलुवा और कमोला क्षेत्र के चार युवक सवार थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार युवक बुरी तरह फंस गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सभी घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कालाढूंगी भिजवाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने ऑल्टो सवार शुभम सामन्त (उम्र 30 वर्ष), पुत्र होशियार सिंह सामन्त, निवासी रामपुर चकलुवा को मृत घोषित कर दिया। शुभम को इस हादसे में बेहद गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए तीन अन्य युवकों कमल मिश्रा (30 वर्ष), निवासी रामपुर चकलुवा और कमोला निवासी हर्षित अधिकारी (31 वर्ष) और नरेन्द्र अधिकारी को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए 108 आपातकालीन सेवा के माध्यम से हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है, और घटना की जांच की जा रही है।
India Bharat News Latest Online Breaking News