Breaking News
Oplus_131072

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया GIC लोधिया का निरीक्षण, बोले- नए भवन निर्माण के लिए जल्द स्वीकृत की जाएगी धनराशि

-वाणिज्य शिक्षक की नियुक्ति के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
-दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने शिक्षा मंत्री को स्कूल की समस्याओं से कराया अवगत

 

अल्मोड़ा: उच्च शिक्षा, सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को जनपद भ्रमण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज लोधिया पहुंचकर विद्यालय के जीर्ण-शीर्ण भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान दर्जा प्राप्त मंत्री कुंदन लटवाल ने विद्यालय की विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया और नए भवन के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।

 

विद्यालय भवन की स्थिति का जायजा लेने के बाद मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नए भवन का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि भवन निर्माण के लिए जल्द धनराशि स्वीकृत करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

 

 

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने एफसीआई भवन में अस्थायी रूप से संचालित की जा रही कक्षाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ ही विद्यालयों में जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रही है। जीआईसी लोधिया के भवन की स्थिति को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्माण संबंधी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

 

गौरतलब है कि वर्ष 1978 में स्थापित जीआईसी लोधिया का भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों की मांग पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विद्यालय पहुंचकर भवन का निरीक्षण किया था। इसके बाद उन्होंने भवन को शीघ्र ध्वस्त करने के निर्देश दिए थे।

 

जिलाधिकारी के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग की ओर से भवन के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई वर्तमान में जारी है।

 

 

इस दौरान अभिभावकों ने विद्यालय में लंबे समय से रिक्त चल रहे वाणिज्य शिक्षक के पद को भरने की मांग भी मंत्री के समक्ष रखी। इस पर मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एडी माध्यमिक, कुमाऊं मंडल को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य गोलनाकरड़ीया प्रेम लटवाल, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि खत्याड़ी आनंद कनवाल, रविंद्र खोलिया, मनोज लटवाल, हरीश रावत, प्रताप रावत, विनोद बजेठा, पूरन लटवाल आदि मौजूद रहे।

 

Check Also

दशहरा महोत्सव को लेकर बैठक का आयोजन, पु​तला दहन के लिए स्थाई जगह उपलब्ध नहीं कराने पर पदाधिकारियों ने जताई नाराजगी, पढ़ें पूरी खबर

  अल्मोड़ा: दशहरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर दशहरा महोत्सव समिति की बैठक नगर निगम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *