इंडिया भारत न्यूज़ डेस्क: पुलिस ने युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ग्राम खेतलसण्डा मुस्ताजर निवासी संजय कुमार पुत्र स्व. दयालू राम ने 19 मई को पुलिस को दी तहरीर में कहा था कि 13 मई को उसे सूचना मिली कि उसके छोटे भाई गौरव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उनके द्वारा अपने भाई गौरव की मृत्यु को स्वभाविक समझकर अंतिम संस्कार कर दिया।
कुछ दिन बाद ओमान में उसके भाई के साथ काम करने वाले उसके साथियों ने बताया कि गौरव बहुत परेशान था और उन लोगों से पैसे मांग रहा था। उसके द्वारा अपने भाई गौरव के मोबाईल फोन को चैक किया तो उसमें एक व्हाट्सऐप नम्बर से बार-बार पैसों की डिमांड चल रही थी।
व्हाट्सअप चैटिंग को पढ़ने से लगा कि उसका भाई उक्त व्यक्ति के बार बार पैसे मांगने से मानसिक रुप से काफी परेशान हो गया था। जिस कारण उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया।
एसएसपी द्वारा घटना के हर पहलू की गहनता से विवेचना करने एवं अभियोग के अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक अपराध एवं पुलिस अक्षीक्षक रुद्रपुर व क्षेत्राधिकारी खटीमा के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने जांच के दौरान मृतक व मृतक की पत्नी के बैंक खाते की डिटेल निकाली तो यह तथ्य प्रकाश में आये कि मृतक के द्वारा 10 मई 2025 को 15 हजार, 11 मई को 15 हजार और 12 मई को 10 हजार रुपये ऑनलाइन खाते में ट्रांसफर किये गये।
जांच के दौरान ही उक्त मोबाइल नम्बर की बैंक से डिटेल चेक की गई तो मोबाइल नम्बर पंजाब नेशनल बैंक नया बाजार पिथौरागढ़ में दिलीप सिंह बोहरा पुत्र स्व. केदार सिह बोहरा निवासी चण्डाक कोतवाली पिथौरागढ़ के नाम से होना पाया गया।
पुलिस द्वारा नामजद दिलीप सिह बोहरा उर्फ दीपक बोहरा को पूछताछ के कोतवाली लाया गया। पूछताछ की गई तो दिलीप सिह बोहरा उर्फ दीपक बोहरा द्वारा बताया कि उसकी पहचान इन्ट्राग्राम के माध्यम से निशा से हुई थी। निशा ने अपनी कुछ प्राईवेट फोटो व विडियो उसे भेजी थी। उन्हीं फोटो व विडियो को उसने निशा के पति गौरव को भेजकर उसे ब्लैकमेल कर उससे पैसे ऐंठना शुरू कर दिया। आरोपित दिलीप सिह बोहरा उर्फ दीपक बोहरा को 24 मई को गिरफ्तार किया गया।
कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि आरोपित को मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस टीम में कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी, एसएसआई विनोद जोशी, चकरपुर चौकी प्रभारी विकास कुमार, आरक्षी शांत लाल आदि शामिल रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News