अल्मोड़ा: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर की गई टिप्पणी के बाद सियासी पारा हाई है। बीजेपी इसे सिखों का अपमान बताते हुए राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग कर रही है। इसी क्रम में अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा चौघानपाटा में राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष रज़ा अली अंसारी ने राहुल गांधी के बयान को अत्यंत निंदनीय, दुर्भाग्यपूर्ण और समाज को तोड़ने वाला करार देते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री को गद्दार कहना केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे अल्पसंख्यक समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करती है और यह देश की एकता व अखंडता पर सीधा प्रहार है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सिख समाज का इतिहास बलिदान, देशभक्ति और राष्ट्र रक्षा से भरा हुआ है, और ऐसे समाज पर इस तरह की टिप्पणी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राहुल गांधी से तत्काल सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान हाजी इस्लाम बख्श, मोहम्मद मुदस्सर, शाहनवाज वारसी, तसनीम अंसारी, मोहम्मद मुस्तकीम मलिक, अकबर खान, एहसान अंसारी,एडवोकेट इमरान, मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद चांद, मोहम्मद मेराज, प्रेम लटवाल, आनन्द कनवाल आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News
