Breaking News
Oplus_131072

दर्दनाक: खेलने के दौरान वाहन की चपेट में आई 6 वर्षीय मासूम, मौके पर मौत, परिजनों व ग्रामीणों ने काटा हंगामा

 

रामनगर: ग्राम पूछड़ी बिहारी टप्पर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के पास खेल रही 6 वर्षीय मासूम आलिया की वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आलिया अपने गांव के अन्य बच्चों के साथ घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान तेज गति से आया एक वाहन उसे टक्कर मारता हुआ निकल गया। बालिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

 

बताया जा रहा है कि मृतका को उसकी नानी और मामा पाल रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बिलख-बिलख कर रोने लगे। ग्रामीणों ने भी घटना का विरोध करते हुए चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

 

सूचना पर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाने लगी तो परिजनों और ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। कई लोग पुलिस वाहन के आगे खड़े हो गए और वाहन को जाने से रोक दिया।

इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों का कहना है कि पहले आरोपी चालक को पकड़कर कार्रवाई की जाए, उसके बाद ही शव को ले जाया जाए।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने भीड़ के बीच से सरकारी वाहन निकालकर शव को अस्पताल पहुंचाया।

कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि घटना में शामिल वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Check Also

उत्तराखंड की राजनीति में बढ़ा युवा चेहरे का कद, कुंदन लटवाल बने दर्जाधारी राज्यमंत्री, कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

अल्मोड़ा: प्रदेश की धामी सरकार ने संगठन में लंबे समय से सक्रिय और ऊर्जावान युवा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *