अल्मोड़ा: साल 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर देवभूमि में राजनीतिक पारा चढ़ने लगा है। राज्य की सबसे पुरानी क्षेत्रीय पार्टी उत्तराखंड क्रांति दल ने जिला मुख्यालय में अपने नए कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही चुनावी बिगुल फूंक दिया है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दल के संरक्षक और पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी और युवा मोर्चा के केन्द्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप रावत मौजूद रहे।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नगर निगम की पार्षद कमला किरौला और सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरौला ने अपने कई समर्थकों के साथ यूकेडी का दामन थामा। इसके अलावा प्रधान संजय सिंह कनवाल, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ से गोविंद कनवाल, मनोहर सिंह परिहार, सूरज सिंह कपकोटी, ग्राम प्रधान नैणी बाराकोट दिनेश कुमार, ग्राम प्रधान सल्ला सरिता देवी और बल्टा से जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी रहे जीवन सिंह बिष्ट समेत कई लोगों ने दल की सदस्यता लीं।
यूकेडी नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि बारी-बारी से सत्ता की मलाई चाटने वाली बीजेपी और कांग्रेस ने उत्तराखंड को सिर्फ लूटा है। प्रदेश को बदहाली की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी आज भी उपेक्षित है। अब जनता इन दोनों ही पार्टियों से तंग आ चुकी है और 2027 में एक बड़ा बदलाव चाहती है।
यूकेडी ने इस बार उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। हालांकि, पार्टी ने साफ किया है कि जो भी दल उत्तराखंडी सोच और राज्य के विकास की विचारधारा रखता है, उसके साथ सीट तालमेल और वोट शेयरिंग के लिए यूकेडी तैयार है।
वक्ताओं ने बड़ी संख्या में लोगों के यूकेडी ज्वाइन करने को बूथ स्तर के मैनेजमेंट की ठोस शुरुआत बताते हुए कहा कि युवाओं का इस तरह खुले दिल से आना दर्शाता है कि उत्तराखंड के स्वाभिमान की यात्रा अब और मजबूती से आगे बढ़ेगी।
कार्यक्रम में उक्रांद के जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी, केंद्रीय मंत्री गिरीश नाथ गोस्वामी, केंद्रीय संयुक्त सचिव त्रिलोक लटवाल, नरेंद्र बिष्ट समेत बड़ी संख्या में यूकेडी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News