-व्यास देवेश जोशी बोले, भगवान के भजन से दूर होते हैं जीवन के कष्ट
-9 अगस्त को विशाल भंडारे का होगा आयोजन
अल्मोड़ा: शिव मंदिर आदर्श कॉलोनी माल, दुगालखोला में आयोजित संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा से पूरा क्षेत्र शिवमय और भक्तिमय बना हुआ है। कथा श्रवण के लिए स्थानीय लोगों के साथ ही दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कथा स्थल पर प्रतिदिन भगवान शिव की महिमा के साथ भजनों और धार्मिक प्रसंगों की गूंज से वातावरण भक्तिरस में डूबा हुआ है।
शिव मंदिर समिति आदर्श कॉलोनी माल की ओर से 30 जुलाई से 9 अगस्त तक आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में प्रतिदिन सुबह 9 से 11 बजे तक पूजा-पाठ एवं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संगीतमय कथा का वाचन किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि कथा के अंतिम दिन 9 अगस्त यानि रविवार को व्यास पूजन एवं पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कथा के अष्टम दिवस पर कथा व्यास देवेश जोशी ने भगवान शिव और हनुमान जी की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान के भजन और स्मरण मात्र से मनुष्य के जीवन के कष्ट दूर हो सकते हैं। उन्होंने भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी द्वारा रावण की लंका दहन किए जाने का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि संकट के समय मनुष्य को भगवान का स्मरण करना चाहिए। उन्होंने तुलसीदास की चौपाई “संकट कटै मिटै सब पीरा, जो सुमिरै हनुमत बलबीरा” का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान का नाम लेने से मन को शक्ति और शांति प्राप्त होती है।
कथा व्यास ने कहा कि भगवान का नाम केवल पूजा का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में आने वाले संकटों से लड़ने का आत्मबल भी देता है। जब मनुष्य कठिन परिस्थितियों में भी ईश्वर का स्मरण करता है तो उसके भीतर सकारात्मक ऊर्जा और धैर्य का संचार होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम, भगवान शिव और हनुमान जी के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
इस दौरान उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री कुंदन लटवाल भी कथास्थल पहुंचे और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने आयोजन में शामिल होकर आयोजकों एवं श्रद्धालुओं को इस पवित्र धार्मिक आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को मजबूत करने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कथा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के भजनों पर भाव-विभोर नजर आए। कथा स्थल पर जयकारों और भजनों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर कथा आयोजक जिला पंचायत सदस्य प्रेम लटवाल, चंदन लटवाल, हरीश बिष्ट, नरेंद्र घस्याल, संजय मेहता, दया लटवाल, निशा कश्यप, ग्राम प्रतिनिधि माल राजेंद्र सिंह बिष्ट, उमा घस्याल, चंद्रा ऐरी, मोहनी मेहता, देवेंद्र बिष्ट, त्रिलोक मटेला, पवन लटवाल, श्याम लटवाल, प्रेमा जड़ौत, अंजलि शर्मा, डॉ. रीता दुर्गापाल, सेवानिवृत्त कैप्टन आर.एस. मेहता, डीपीएस नेगी, ललित खोलिया, सुंदर लटवाल, उमा तिवारी, राजेंद्र खड़ायत, विनोद लटवाल समेत सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News
