Breaking News

रोजगार को मौलिक अधिकार बनाए जाने समेत अन्य मुद्दों पर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाएगा उत्तराखंड छात्र संगठन

अल्मोड़ा: उत्तराखंड छात्र संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता संगठन की सदस्य विनीता ने कीं।। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्ययोजना, छात्र-युवा हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

 

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि उत्तराखंड छात्र संगठन प्रदेशभर में शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण, समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अधिकार तथा रोजगार को मौलिक अधिकार बनाए जाने की मांग को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाएगा। संगठन का मानना है कि शिक्षा और रोजगार किसी भी लोकतांत्रिक समाज की बुनियादी आवश्यकताएँ हैं तथा इन्हें सभी के लिए समान रूप से सुलभ बनाया जाना चाहिए।

बैठक में संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से छः सदस्यीय संयोजक मंडल का गठन किया गया। इस संयोजक मंडल में विनीता, दीपांशु, सोनी, सुरेंद्र, बलवंत एवं आशा को शामिल किया गया। यह मंडल संगठन के कार्यक्रमों का संचालन, नए सदस्यों को जोड़ने तथा छात्र-युवा आंदोलनों को संगठित करने की जिम्मेदारी निभाएगा।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड छात्र संगठन आने वाले समय में अधिक से अधिक शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों एवं युवाओं के बीच अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराते हुए संगठन का विस्तार करेगा। साथ ही छात्रों से जुड़े मुद्दों पर निरंतर संघर्ष और जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे।

 

संगठन ने सरकार द्वारा छात्रों और युवाओं के प्रति अपनाई जा रही दमनकारी नीतियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए तथा छात्रों की आवाज़ को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। संगठन ने छात्र आंदोलनों के दौरान छात्रों पर की गई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग भी की।

 

बैठक के अंत में उत्तराखंड छात्र संगठन ने प्रदेश के सभी छात्रों, शोधार्थियों एवं युवाओं से संगठन से जुड़ने, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय एवं लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई को मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर आगे आने की अपील की।

Check Also

TET अनिवार्यता और पदोन्नति में रोक के विरोध में एलटी शिक्षकों ने काले फीते बांधकर जताया विरोध

अल्मोड़ा: एलटी शिक्षकों के लिए टीईटी (TET) की अनिवार्यता लागू करने और सभी स्तरों पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *