अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार एवं रंगकर्मी नवीन बिष्ट को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेशभर के 13 लोगों को सम्मानित किया गया।
अल्मोड़ा निवासी नवीन बिष्ट को साहित्य सृजन, उत्तराखंड की लोक संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
नगर क्षेत्र से लगे सरस्यूं गांव के नवीन बिष्ट लंबे समय से पत्रकारिता के साथ साहित्य, रंगमंच और लोक संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय हैं। नवीन बिष्ट की अब तक आठ पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उन्होंने नेशनल बुक ट्रस्ट के लिए दो पुस्तकों का कुमाऊंनी भाषा में अनुवाद किया है। कुमाऊंनी बैठकी होली के गीतों के गायक के रूप में भी उनकी अलग पहचान है। इसके अलावा वे रामलीला में दशरथ की भूमिका निभाते रहे हैं।
नवीन बिष्ट कुमाऊं के पारंपरिक लोकगीत झोड़ा, छपेली, बैर-भगनौल और न्योली गायन के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। विशेष रूप से कुमाऊं की पारंपरिक न्योली गायन शैली को आगे बढ़ाने वाले प्रमुख कलाकारों में उनकी पहचान है। साहित्य, पत्रकारिता, रंगमंच और लोक संस्कृति के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मिले इस सम्मान से अल्मोड़ा के साहित्य एवं सांस्कृतिक जगत में खुशी है।
India Bharat News Latest Online Breaking News