नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के कई राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्तियां की हैं। इस फेरबदल के तहत ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया गया हैं। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ढाल सिंह बिसेन, लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) की जगह लेंगे।
वहीं, बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव, उत्तराखंड के पूर्व प्रभारी और पूर्व राज्यसभा सांसद दुष्यंत गौतम को सिक्किम में ओम प्रकाश माथुर की जगह नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अब तमिलनाडु, ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
केरल से भेजे गए राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर मार्च से ही तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, जब तत्कालीन राज्यपाल आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। अब राष्ट्रपति के नए आदेश के बाद वह तमिलनाडु के नियमित राज्यपाल बन गए हैं।
इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक, जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के लिहाज से देखा जा रहा है। खास तौर पर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्यों तमिलनाडु और केरल में अनुभवी बीजेपी नेताओं को राज्यपाल की जिम्मेदारी दी गई है।
India Bharat News Latest Online Breaking News
