हरिद्वार: भगवानपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और गौ तस्करों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में गौ तस्कर छोटू के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। वहीं, उसका साथी कालू अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हलजोरा निवासी छोटू अपने साथी कालू के साथ सिकरोड़ा गांव के पास एक आम के बाग में गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में था। दोनों आरोपी अपने मंसूबों को अंजाम देने के लिए मौके पर मौजूद थे।
सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान छोटू के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी कालू फरार होने में कामयाब रहा।
घायल आरोपी को उपचार के लिए रुड़की के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से एक तमंचा, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक बछड़ा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी छोटू अन्य मुकदमे में भी वांछित चल रहा था।
एसपी देहात अभय सिंह ने मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, फरार आरोपी कालू की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
India Bharat News Latest Online Breaking News







