Breaking News
Oplus_131072

गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभा बैठकों का ग्राम प्रधानों ने किया बहिष्कार, जानिए वजह

अल्मोड़ा: गांधी जयंती पर हवालबाग विकासखंड की ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष ग्राम सभा बैठकों का ग्राम प्रधान संगठन सहित समस्त ग्राम प्रधानों ने बहिष्कार किया।

 

ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल, महामंत्री विनोद जोशी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह मेहरा ने कहा कि बैठकों के संबंध में ग्राम प्रधानों को उचित सूचना नहीं दी गई और उनकी लंबित मांगों पर भी सरकार सकारात्मक निर्णय नहीं ले रही है।

 

ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल ने कहा कि हवालबाग विकासखंड कार्यालय की ओर से 24 सितंबर को जारी पत्र में 2 अक्टूबर को प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष ग्राम सभा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। वहीं, खंड विकास अधिकारी की ओर से 30 सितंबर को जारी पत्र में अक्टूबर माह से जीपीडीपी की बैठकें शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

प्रधान संगठन ने जीपीडीपी बैठकों का रोस्टर 15 नवंबर के बाद निर्धारित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि वर्तमान में कामकाजी माह होने और अक्टूबर-नवंबर में वीबी-जी राम जी योजना के तहत कार्य बंद रहने के कारण बैठकें 15 नवंबर के बाद आयोजित की जानी चाहिए।

 

अध्यक्ष नयाल ने कहा कि गांधी जयंती पर आयोजित बैठक के संबंध में ग्राम प्रधानों को उचित सूचना नहीं दी गई। साथ ही 2 अक्टूबर की विशेष ग्राम सभा बैठक संबंधी पत्र में ग्राम प्रधानों की भूमिका और अध्यक्षता का उल्लेख नहीं किया गया, जबकि ग्राम सभा की बैठकों की अध्यक्षता ग्राम प्रधान करते हैं। उन्होंने इसे ग्राम प्रधानों का अपमान बताते हुए कहा कि इसी के विरोध में बैठकों का बहिष्कार किया गया।

महामंत्री विनोद जोशी ने कहा कि ग्राम प्रधान लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर सरकार के समक्ष अपनी बात रखते आ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को मानने के बजाय मनमाने तरीके से निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग करते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।

 

वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह मेहरा ने कहा कि ग्राम प्रधानों को विश्वास में लिए बिना बैठकें आयोजित करने के निर्देश देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों के अधिकारों और सम्मान की अनदेखी के विरोध में 2 अक्टूबर की विशेष ग्राम सभा बैठकों का बहिष्कार किया गया।

 

बहिष्कार को मंत्री प्रमोद जोशी, उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, चन्द्रिका पंत सहित विकासखंड के अन्य ग्राम प्रधानों ने भी समर्थन दिया।

Check Also

बड़ा हादसा: पहाड़ी से 150 मीटर गहरी खाई में गिरा यात्री

  इंडिया भारत न्यूज डेस्क: रुद्रनाथ ट्रैक पर एक बड़ा हादसा हो गया। जहां एक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *