अल्मोड़ा: हवालबाग विकासखंड के ग्राम जुड़-कफून-डोबा से ठाट गांव तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर आवाज उठाई है। लंबे समय से सड़क निर्माण के लिए प्रयासरत ग्रामीणों ने सामाजिक कार्यकर्ता रमेश सिंह लटवाल के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की दिशा में अब तक हुई कार्यवाही की जानकारी मांगी और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी जिलाधिकारी को पत्र भेजकर सड़क निर्माण की मांग उठाई गई थी। इसी साल 18 फरवरी को संबंधित विभाग को भी पत्र भेजा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ठाट गांव के लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों का सामान लेने के लिए करीब 7 से 8 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के अभाव में गांव से पलायन भी बढ़ रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क बनने से न केवल आवागमन की सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। यहां फल उत्पादन, बागवानी और पर्यटन की दृष्टि से भी काफी संभावनाएं हैं। ऐसे में सड़क निर्माण से गांव के विकास को नई दिशा मिल सकती है।
रमेश सिंह लटवाल ने बताया कि जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आगामी 23 नवंबर को जिला कार्यालय में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि बैठक में सड़क निर्माण से जुड़े प्रकरण पर चर्चा कर आगे की कार्यवाही शुरू होगी।
ज्ञापन देने वालों में जिला पंचायत सदस्य कुंदन राम, ग्राम प्रधान किशन सिंह बिष्ट, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल गुरुरानी सहित ठाट गांव के अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News







