अल्मोड़ा: पहाड़ों में खेती को बचाने और किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान की ओर से हवालबाग विकासखंड के ज्योली गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मी कांत के निर्देश पर ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 13 किसानों ने प्रतिभाग किया, जिनमें आठ महिलाएं और पांच पुरुष शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, खेतों की उर्वरता बनाए रखने और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई। इस दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं भी वैज्ञानिकों के सामने रखीं। किसानों ने गांव में बंजर होती जमीन को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि यदि पॉलीहाउस और सिंचाई की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध हो तो खेती को फिर से बेहतर बनाया जा सकता है। वही, जंगली जानवरों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाना भी किसानों ने खेती के सामने बड़ी चुनौती बताया।
संवाद सत्र में वैज्ञानिकों ने किसानों की समस्याओं को सुना और उनके संभावित समाधान पर चर्चा की। साथ ही किसानों को संस्थान की ओर से विकसित कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. दिनेश चंद्र जोशी और डॉ. रवि शंकर सिंह ने किया।
India Bharat News Latest Online Breaking News







