अल्मोड़ा: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य पर उनके पति की ओर से लगाए गए कथित 210 करोड़ के भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने सवाल उठाया कि आखिर इतनी बड़ी संपत्ति कहां से आई और इसका आय का स्रोत क्या है। उन्होंने कहा कि सोमेश्वर समेत पूरे उत्तराखंड की जनता 210 करोड़ का हिसाब मांग रही है। टम्टा ने दावा किया कि बरेली में कथित बेनामी संपत्तियों का मामला सामने आने के बाद मंत्री की संपत्ति 1 हजार करोड़ से अधिक होने की आशंका है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और रेखा आर्य को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।
सोमवार को कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदीप टम्टा ने मंत्री रेखा आर्य और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। मुख्यमंत्री के संरक्षण में राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने रेखा आर्या पर 210 करोड़ से अधिक के भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रदेश सरकार द्वारा जांच नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए।
टम्टा ने कहा पति गिरधारी लाल साहू द्वारा भ्रष्टाचार आरोपों बाद रेखा आर्या अब स्वयं को सोमेश्वर की बेटी बता रही हैं। उन्होंने कहा अंकिता भंडारी प्रदेश के अन्य जिलों की बेटियां और हत्या में जान गंवा चुके नौजवान भी उत्तराखंड राज्य के ही बहन, बेटियां थीं, लेकिन इन्हें न्याय दिलाने के लिए रेखा आर्या कभी भी आगे नहीं आई। चुनाव के समय रेखा को स्वयं की जाति, महिला उत्पीड़न और पहाड़ की बेटी होना याद आ रहा है।
उन्होंने कहा मीडिया में सार्वजनिक रूप से गिरधारी लाल साहू और रेखा आर्य ने एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। मंत्री की रिपोर्ट पर कारवाई हो रही है, लेकिन मंत्री पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपी की निष्पक्ष जांच करने के बजाय मुख्यमंत्री उनके पैरोकार बना रहे हैं। मंत्री पद पर रहते हुए कंपनियों में लेन देन करना संवैधानिक नियमों के खिलाफ है। सरकार को मामले की तत्काल जांच करानी चाहिए।
टम्टा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर का नार्को टेस्ट गुजरात में कराने पर भी आपत्ती जताई। उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि क्या इस मामले में शामिल अब दूसरे वीआईपी को भी बचाने की कोशिश हो रही है।
वही, प्रदीप टम्टा और पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल ने जौलजीबी मेले के घटनाक्रम पर दुख जताया। दोनों ने संयुक्त रूप से कहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री का गैर जिम्मेदाराना व्यवहार जिम्मेदार है। यह मामला संसदीय परंपरा का उल्लंघन है और विधायक के विशेषाधिकार का भी हनन है।
प्रेस वार्ता में विधायक मनोज तिवारी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, पूर्व जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, राजेंद्र बाराकोटी आदि मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News







