अल्मोड़ा। लोकसभा चुनाव में हारने के बाद हताश कांग्रेस भाजपा पर संविधान से छेड़छाड़ करने का भ्रम फैला रही है। वास्तविकता यह है कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का कांग्रेस का जबरदस्त रिकॉर्ड है। कांग्रेस ने असंवैधानिक तरीके से प्रदेश में निर्वाचित सरकारों को 58 बार बर्खास्त किया है। भाजपा सरकार को संविधान बचाने के लिए कांग्रेस के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में यह बात कही। मंत्री टम्टा ने कहा की कांग्रेस संविधान की आड़ लेकर झूठ का प्रोपेगेंडा चल रही है। पहले प्रधानमंत्री नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह के कार्यकाल तक कांग्रेस ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया है। 1954 में वक्फ संशोधन, 1975 में आपातकाल, 1985 में शाहबानो मामले में न्यायालय के फैसले के बाद गलत तरीके से संविधान संशोधन किया गया।
टम्टा ने कहा कि कांग्रेस की किसी भी संवैधानिक संस्था चाहे वह न्यायालय हो या फिर चुनाव आयोग किसी पर भी आस्था नहीं है। जिन राज्यों में कांग्रेस जीतती है वाहन एवं ठीक और जहां हार का सामना होता है तो ईवीएम में खराबी का आरोप जड़ती है। आज भी वह राष्ट्रपति सेना और न्यायपालिका पर हमले करती रहती है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी वैश्विक मंचों पर देश को अपमानित करने का कोई अवसर नहीं छोड़ते। टम्टा ने कहा संविधान की रक्षा भाजपा का संकल्प है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, जिलाध्यक्ष महेश नयाल, मेयर अजय वर्मा, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, मीडिया प्रभारी राजेंद्र बिष्ट, कैलाश गुरुरानी, दर्शन रावत आदि मौजूद रहे।
क्वारब का सुधार और कैंची धाम में जाम से मिलेगी निजात
अल्मोड़ा। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने एक सवाल के जवाब में बताया नेशनल हाईवे 109 में क्वारब डेंजर जोन का सुधार और कैंची धाम में लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिलेगी। क्वारब में 68 करोड़ की लागत से नदी और पहाड़ी की तरफ ट्रीटमेंट का काम चल रहा है। इस स्थान पर करीब ढाई किलोमीटर सड़क बनाकर वैली ब्रिज लगाकर वैकल्पिक मार्ग तैयार होगा, ताकि पहाड़ी के ट्रीटमेंट के कारण यातायात सुचारू रहे। भवाली से अल्मोड़ा, अल्मोड़ा से पनार और अल्मोड़ा से बागेश्वर मार्ग जल्द ही टू लेने होंगे। केंद्र सरकार एनएचएआई, बीआरओ, एनएचडीसीएल और राज्यों में पीडब्ल्यूडी के साथ मिलकर सड़कों के सुधार को लगातार काम कर रही है। भवाली से बाईपास सड़क तैयार करने की योजना बन चुकी है, जल्द ही निर्माण शुरु होगा। कुछ समय बाद ही कैंची धाम में लगने वाले जाम से निजात मिल सकेगी।