अल्मोड़ा: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) में जनपद स्तरीय सामाजिक विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक रेखा असवाल तथा विशिष्ट अतिथि प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) प्रेमा बिष्ट में संयुक्त रूप से किया।
जीजीआईसी अल्मोड़ा की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत और वंदना कार्यक्रम की प्रस्तुति दीं। कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. दीपा जलाल के द्वारा सामाजिक विज्ञान महोत्सव कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व प्रासंगिकता के विषय में बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों में सामाजिक विज्ञान विषय के प्रति रुचि एवं जागरूकता विकसित करने के साथ-साथ उनमें तार्किक एवं समालोचनात्मक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, सहयोग की भावना तथा समस्या समाधान जैसे 21 वीं सदी के आवश्यक कौशलों का विकास करना रहा। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करना भी महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य रहा।
महोत्सव के अंतर्गत मुख्य रूप से तीन प्रतियोगिताओं मॉडल निर्माण प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा, ज्ञान एवं सृजनात्मक सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी विषयगत समझ, त्वरित निर्णय क्षमता एवं ज्ञान का परिचय दिया। वहीं, मॉडल निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने नवाचारी विचारों एवं रचनात्मक कौशल के माध्यम से सामाजिक विज्ञान की अवधारणाओं को आकर्षक एवं व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में जी.बी. पंत पर्यावरण संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. ललित गिरी, दीपा मेहरा, विजेता, एस भंडारी, डॉ विजय पंत, उमा तिवारी, हेम भट्ट तथा अन्य विषय विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं मूल्यांकन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर समाज, संस्कृति, पर्यावरण एवं समसामयिक परिस्थितियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। सामाजिक विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि जिम्मेदार, जागरूक एवं संवेदनशील नागरिक बनाने का सशक्त माध्यम है।
भाषण प्रतियोगिता में मेघा बजेठा प्रथम, स्वरांजलि किरौला द्वितीय तथा कृष्ण जोशी तृतीय स्थान पर रहे जबकि क्विज में हर्षाली चौहान प्रथम भारत कुमार द्वितीय मयंक सिंह बिष्ट तृतीय रहे मॉडल प्रतियोगिता में राहुल रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त बच्चे राज्य स्तर पर प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में डॉ. दीपा जलाल सहित संस्थान के समस्त सहयोगी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, मार्गदर्शक शिक्षकों, निर्णायकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में किरण भाकुनी, प्रकाश जोशी, नवनीत पांडे, मनीष भट्ट, सुमित उपाध्याय के द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।
महोत्सव ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सीखने, विचारों का आदान-प्रदान करने और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का एक सार्थक मंच प्रदान किया।
India Bharat News Latest Online Breaking News







