-हरिकृष्ण त्रिवेदी के जन्मोत्सव एवं बाल दिवस पर आरोही संस्था ने आयोजित की भव्य रोड रेस
-55 वर्षीय बच्ची सिंह ने छह किलोमीटर दौड़ पूरी कर बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
अल्मोड़ा: ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने और बच्चों एवं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आरोही संस्था की ओर से दौड़ प्रतियोगिता (रोड रेस) का आयोजन किया गया। हरिकृष्ण त्रिवेदी के जन्मोत्सव एवं बाल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रतियोगिता में बालक-बालिकाओं, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में 17 वर्ष तक के बालक एवं बालिका वर्ग, 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए ओपन वर्ग तथा महिलाओं के लिए विशेष फन रेस आयोजित की गई। सभी वर्गों में प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
बालक वर्ग में सुमित बनौला ने प्रथम, सौरभ बिष्ट ने द्वितीय तथा कृष्णा पैनवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में दिव्या पैनवाल प्रथम, खुशी सुप्याल द्वितीय और रिया सुप्याल तृतीय स्थान पर रहीं। ओपन वर्ग में उदय सुप्याल ने बाजी मारी, जबकि गोविंद सिंह द्वितीय और करण सुप्याल तृतीय रहे। ओपन महिला वर्ग में तरिता बिष्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला फन रेस में दया सुप्याल प्रथम, चम्पा देवी द्वितीय तथा गुड़गांव की प्रिया बाला तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण 55 वर्षीय बच्ची सिंह सुप्याल रहे, जिन्होंने उम्र को मात देते हुए छह किलोमीटर की दौड़ पूरी कर युवाओं के सामने उत्साह और हौसले की मिसाल पेश की। वहीं गुड़गांव से पहुंचीं प्रिया बाला ने महिला वर्ग की दौड़ में प्रतिभाग करने के साथ ही स्वयंसेवक के रूप में भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। वह आरोही संस्था के माध्यम से युवाओं को इमरजेंसी मेडिकल ट्रेनिंग (ईएमटी) भी प्रदान कर रही हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख सूरज बनौला रहे। इस दौरान पुलिस प्रशासन की टीम ने प्रतिभागियों की सुरक्षा को देखते हुए पूरे दौड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिसकर्मियों ने वाहनों को नियंत्रित करने के साथ ही दौड़ के पीछे रहकर मार्ग को सुरक्षित बनाए रखा। पुलिस टीम के राजेंद्र गोस्वामी एवं बडाल ने विशेष सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई।
प्रतियोगिता के दौरान आरोही संस्था की स्वास्थ्य एवं प्राथमिक उपचार टीम भी तैनात रही। विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। संस्था की ओर से सभी प्रतिभागियों और स्वयंसेवकों को टी-शर्ट प्रदान की गईं तथा बच्चों एवं प्रतिभागियों को फल वितरित किए गए।
आयोजन को सफल बनाने में एचकेटी टीम एवं आरोही सतोली टीम का विशेष योगदान रहा। समन्वयक चन्द्रकला बिष्ट के मार्गदर्शन में टीम सदस्यों ने व्यवस्थाओं का कुशल संचालन किया। आरोही बाल संसार विद्यालय के खेल शिक्षक दीपक, प्रिया एवं अन्य सहयोगियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है। इस तरह के आयोजन बच्चों और युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही उन्हें खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में पाण्डेतोली के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गोकुल चंद्र जोशी, शिक्षक शंकर सिंह सुप्याल मौजूद रहे। खीलानन्द भट्ट ने मंच संचालन किया।
India Bharat News Latest Online Breaking News







