अल्मोड़ा: कहते हैं जीवन में जो आनंद दूसरों के दुखों के निवारण और जख्मों पर मरहम लगाने से मिलता है, वह कई तीर्थ स्थलों की यात्रा से भी नहीं मिलता। भगवान की भक्ति भी तभी सफल होती है, जब हमारा कर्म नेक हो।
इसी नेकी की राह पर चलने वाले कर्मचारी नेता पुष्कर सिंह भैसोड़ा न सिर्फ कर्मचारियों की समस्याओं व उनके अधिकारों के लिए संघर्षरत रहते है बल्कि समाज के निर्धन, असहाय व जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते है।
एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के मंडलीय अध्यक्ष व वर्तमान में मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय अल्मोड़ा में तैनात पुष्कर सिंह भैसोड़ा ने एक बार फिर समाजसेवा के लिए हाथ आगे बढ़ाते हुए इंसानियत की मिसाल पेश की है। भैसोड़ा ने जनवरी की कंपकपाती ठंड के बीच धौलादेवी विकास खंड के ग्राम पंचायत चमतोला में 80 वर्ष से अधिक आयु वाले 25 बुजुर्गों को रजाई व तकिया वितरण किया। कड़कड़ाती ठंड में रजाई पाकर बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान सभी ने भैसोड़ा का आभार जताया और उन्हें आशीर्वाद दिया।
मंडलीय अध्यक्ष पुष्कर सिंह भैसोड़ा ने कहा कि गरीब और बेसहारा लोगों की मदद करने से बड़ा कोई धर्म नहीं है। हर व्यक्ति समाज का हिस्सा है और समाज में हर व्यक्ति की अपनी-अपनी भूमिका होती है। गरीब और असहाय व्यक्ति भी समाज का ही हिस्सा है, लेकिन परिस्थितिवश वह सुख सुविधाओं से दूर हो जाता है। भैसोड़ा ने कहा कि ऐसे व्यक्ति को समाज के साथ जोड़ने के लिए सामाजिक संगठनों को आगे आना चाहिए।
भैसोड़ा ने कहा कि यह रजाई उन जरूरतमंद बुजुर्गों के लिए जीवन दायिनी साबित होगी। जिनके पास ठण्ड से बचने का और कोई उपाय नही था। उन्होंने कहा कि ठंड में समाज के गरीब, वंचित, असहाय, बेसहारा लोगो का ख्याल रखना, उनके काम आना सभी लोगों का फर्ज बनता है।
इस वितरण कार्यक्रम में उनके साथ सहयोगी के रूप में दुगालखोला माल गांव निवासी नवीन चन्द्र पाण्डेय पुत्र स्व. भोला दत्त पाण्डेय शामिल रहे।
इस अवसर पर प्रधान पति चन्द्र सिंह भैसोड़ा, प्रकाश सिंह भैसोड़ा, हरक सिंह भैसोड़ा, भुवन सिंह सांगा समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News




