अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को डोल आश्रम पहुंचकर श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के श्री पीठम् स्थापना महोत्सव में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने 1100 कन्याओं का पूजन किया और मां राजेश्वरी का अभिषेक व पूजन कर प्रदेश की सुख समृद्वि की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि डोल आश्रम में आकर उन्हें एक दिव्य ऊर्जा का अहसास होता है। बाबा कल्याणदास जी महाराज ने आश्रम में जिस प्रकार से श्रीयंत्र स्थापित किया है, आने वाले समय में भारत ही नहीं विदेश के लोग भी यहां शांति, आध्यात्म और संस्कृति को जानने के लिए आएंगे। यह आश्रम जहां एक ओर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है वहीं युवाओं को भारतीय संस्कृति के बारे में शिक्षित करने का महान कार्य भी इसके माध्यम से हो रहा है।
सीएम ने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नये उत्तराखण्ड का विकल्प रहित संकल्प के ध्येय के साथ आगे बढ़ रही है। प्रदेश में संस्कृति संरक्षण के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्व है इसके लिए हमारी सरकार एक कठोर धर्मांतरण कानून लेकर आई है। हमने लैंड जिहाद, लव जिहाद जैसी अनेक साजिशों पर कार्रवाई करते हुए अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा है। साथ ही साथ यूसीसी को लागू करने वाला पहला प्रदेश बनने का गौरव हमारे उत्तराखंड ने हासिल किया है। सख्त नकल विरोधी कानून ने प्रदेश के युवाओं को एक निष्पक्ष अवसर प्रदान किया है 23 हजार से अधिक युवाओं ने पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी पाई हैं।
डोल आश्रम के संस्थापक कल्याणदास महाराज ने कहा कि हमें अपनी जन्मभूमि के लिए बेहतर कार्य करने होंगे। हमें बुरे व्यसनों को त्याग कर आध्यात्म को अपनाना होगा तभी हमारा जीवन एवं समाज सुख समृद्वि प्राप्त कर पायेगा। उन्होंने संस्कृत को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि जब तक संस्कृत हमारे हृदय में जीवित है, तब तक भारतीयता को कोई खतरा नहीं हो सकता। संचालन स्वामी विश्वेश्वरानंद महाराज ने किया।
देश की ओर आंख उठाने वालो को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब
अल्मोड़ा। भारत पाकिस्तान के बीच तनाव को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सेनाओं ने अदम्य साहस, वीरता, बहादुरी और रणनीति से आतंकवाद को पोषित करने वाले पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दिया। सीएम ने कहा नया भारत आंख दिखाने वालो को मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। हमारी सेना ने घर में घुसकर पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद करने का काम किया। जिसके बाद पाकिस्तान घुटनों पर आ गया और उसने सीजफायर का अनुरोध किया। पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार ने आतंकवाद का सफाया करने का संकल्प लिया है। आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक जागेश्वर मोहन सिंह मेहरा, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विस अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, डीएम आलोक कुमार पांडेय, एसएसपी देवेंद्र पींचा, दिवेश शाशनी, मुख्य यजमान डमरूधर अग्रवाल, महंत स्वामी विसवेश्वरानंद, स्वामी कपिलेश्वरानंद, स्वामी विश्वेश्वरानंद, महंत स्वामी त्रिभुवन दास, मेयर अजय वर्मा, तारा चंद्र जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा रमेश बहुगुणा, दिनेश कुंजवाल, सुभाष भट्ट सहित अनेक अखाड़ों के महंत, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्वालु मौजूद रहे।