अल्मोड़ा: जिले में रुक रुक हो रही बारिश के बीच गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए। चौखुटिया में शिक्षकों से भरी एक कार खाई में जा गिरी, जबकि द्वाराहाट में तेज बारिश और फिसलन के कारण एक कार सड़क पर ही पलट गई। दोनों हादसों में कुल 6 लोग घायल हुए हैं। राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई।
चौखुटिया में खाई में गिरी शिक्षकों की कार
चौखुटिया कोतवाली क्षेत्र के उड़लीखान के पास कार संख्या UK 07 FH 1287 अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। कार में सवार पांचों शिक्षक घायल हो गए। सभी धामदेवल से चौखुटिया लौट रहे थे।
चालक बृजेश सिंह चौहान ने बताया कि सामने बार-बार उड़कर आ रहे एक कपड़े को हटाने के प्रयास में स्टेयरिंग सड़क से बाहर की ओर मुड़ गया और वाहन खाई में जा गिरा।
घायल शिक्षक नवल किशोर ने बताया कि हादसे के बाद पहले सभी को कार से बाहर निकाला गया। ऊपर आने का रास्ता नहीं होने के कारण कांटेदार झाड़ियों का सहारा लेकर किसी तरह बाहर निकले।
बाद में स्थानीय ग्रामीणों और शिक्षकों की मदद से सभी घायलों को निजी वाहनों से चौखुटिया अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका हेमलता नेगी की हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।
उपजिलाधिकारी सुनील कुमार राज ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उपचार व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
द्वाराहाट में सड़क पर पलटी कार
उधर, द्वाराहाट के चौनलिया रोड पर दोपहर के समय तेज बारिश और फिसलन के कारण एक कार अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। गनीमत रही कि वाहन खाई में नहीं गिरा और सड़क पर ही रुक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में कार चालक को मामूली चोटें आई हैं।
घायलों का विवरण-
1- बृजेश पुत्र मुरारी सिंह निवासी चौखुटिया
2- नवल किशोर पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी गनाई चौखुटिया
3- मोनिका पुत्री गणेश निवासी पुरानी कैंटीन के पास चौखुटिया
4- दीप जोशी पुत्र गोपाल जोशी निवासी रावत गैराज के पास चौखुटिया
5- हेमलता नेगी पत्नी जीवन सिंह निवासी उड़ली खान।
India Bharat News Latest Online Breaking News