अल्मोड़ा: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र तैयार करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में कांग्रेस घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष एवं विधायक भुवन कापड़ी ने आमजन, विभिन्न राजनीतिक एवं गैर-राजनीतिक संगठनों तथा कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनके सुझाव और मांगें सुनीं।
कांग्रेस ने इसी साल अगस्त में भुवन कापड़ी की अध्यक्षता में घोषणा पत्र समिति गठित की थी। नगर के एक होटल सभागार में हुई इस बैठक में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को कांग्रेस के आगामी चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करने के लिए मांग पत्र सौंपे। प्रतिनिधियों ने शिक्षा, रोजगार, कर्मचारियों के हित, स्वास्थ्य व्यवस्था, स्थानीय विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में पुरानी पेंशन योजना (OPS) संगठन ने पुरानी पेंशन योजना की शत-प्रतिशत बहाली की मांग रखी। वहीं अतिथि शिक्षक संगठन ने मानदेय में वृद्धि, सुरक्षित भविष्य और नियमितीकरण की मांग उठाई। सफाई कर्मचारी संगठन की ओर से ठेका प्रथा समाप्त करने, नियमितीकरण तथा न्यूनतम वेतन की सुरक्षा का मुद्दा रखा गया।
इसके अलावा फार्मासिस्ट संगठन ने फार्मेसी संवर्ग के रिक्त पदों को भरने और वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग की। नर्सिंग संगठन ने ग्रेड-पे में सुधार, संविदा कर्मियों के नियमितीकरण तथा प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की मांग कांग्रेस घोषणा पत्र समिति के समक्ष रखी।
कापड़ी ने प्रतिनिधियों की ओर से रखे गए सुझावों को सुना और उन्हें कांग्रेस के घोषणा पत्र में शामिल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र केवल चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि प्रदेश के अलग-अलग वर्गों की आकांक्षाओं और समस्याओं को सामने लाने का माध्यम बनाया जाएगा। कापड़ी इससे पहले भी कह चुके हैं कि घोषणा पत्र तैयार करने में जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, आनंद सिंह बगडवाल, पीतांबर पांडे, गोपाल सिंह चौहान, गीता मेहरा, दीप सिंह डांगी, महेश चंद्र, गोविंद बाल्टियाल, आनंद सिंह बिष्ट, देवेंद्र सिंह बिष्ट डिंपल, रमेश बिष्ट, नारायण दत्त पांडे, फेमिना खान, किरन आर्य, शोभा जोशी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News