Breaking News
Oplus_131072

Almora: सनसनी की होड़ नहीं, खबरों की विश्वसनीयता हो पत्रकारिता की पहचान, प्रेस दिवस पर गोष्ठी का आयोजन

 

अल्मोड़ा: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर राजकीय संग्रहालय के सभागार में एक गोष्ठी आयोजित की गई। ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में कई वक्ताओं ने प्रेस की स्वतंत्रता, समाचारों की विश्वसनीयता और जनहित के प्रति मीडिया की जिम्मेदारी पर अपने विचार रखे।

 

सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं, तस्वीरों और वीडियो की पुष्टि करने, खबर से जुड़े सभी पक्षों का दृष्टिकोण जानने और संवेदनशील मामलों में संयमित भाषा का इस्तेमाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। साथ ही विचाराधीन मामलों की रिपोर्टिंग में अदालत का फैसला आने से पहले किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने की प्रवृत्ति और उसके प्रभावों पर भी चर्चा हुई।

 

जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने कहा कि आज सूचनाओं के तेजी से प्रसार और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के दौर में पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती खबरों की विश्वसनीयता और तथ्यपरकता बनाए रखना है। खबर को सबसे पहले दिखाने या अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की होड़ में उसकी सत्यता और गंभीरता से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल सूचना देना नहीं, बल्कि तथ्यों की पड़ताल कर जनहित से जुड़े मुद्दों को जिम्मेदारी के साथ समाज के सामने रखना भी है। खबरों को सनसनीखेज बनाने, अपुष्ट सूचनाओं को प्रसारित करने और भ्रामक प्रस्तुति से बचना जरूरी है। पत्रकारों को निष्पक्षता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपनी भूमिका निभानी चाहिए, क्योंकि पत्रकारिता की असली ताकत पहले दिखाने में ही नहीं बल्कि उसकी विश्वसनीयता और जनता के भरोसे में होती है।

 

कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रेस क्लब अल्मोड़ा के अध्यक्ष जगदीश चंद्र जोशी, वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश पांडे, नवीन बिष्ट, पी.सी तिवारी सहित अन्य कई पत्रकारों ने अपने विचार रखें। इस दौरान विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार, सूचना विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Check Also

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच, दौड़ प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं ने दिखाया दमखम

-हरिकृष्ण त्रिवेदी के जन्मोत्सव एवं बाल दिवस पर आरोही संस्था ने आयोजित की भव्य रोड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *