Breaking News

अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, चालक समेत 3 लोगों की मौत, दो घायल

अल्मोड़ा। मानसून की आखिरी दौर की बारिश लोगों के लिए जानलेवा साबित हुई। लमगड़ा—सांगड़ मोटर मार्ग में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिला, युवती व चालक शामिल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए है।

जानकारी के मुताबिक कार संख्या— यूके 05TA 4577 खटीमा से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। रात करीब 10:30 बजे लमगड़ा थाने से करीब 15 किमी आगे पिथौरागढ़ रोड पर सांगड़ साहू व डुबरौली गांव के बीच कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। हादसे के दौरान वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे। हादसे के कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक शख्स ने थाना लमगड़ा में सड़क दुर्घटना व सड़क धंसने की सूचना दी। जिसके बाद थाना पुलिस मौके पर घटनास्थल पहुंची।

हादसे में सुनीता देवी उम्र-33 वर्ष पत्नी रवि लाल, निवासी वार्ड नंबर 6 कुमौड़ पिथौरागढ़ एवं रजनी उम्र 23 वर्ष पुत्री रविन्द्र कुमार, निवासी ग्राम पैकटिया, बीसा बजेड़ जाजर देवल पिथौरागढ़ की मौके पर मौत हो चुकी थी। जबकि सुनीता देवी का 7 वर्षीय बेटा आरुष कुमार, कार चालक प्रेम कुमार उम्र 35 वर्ष पुत्र हरीश राम, निवासी ग्राम डोबरा, बीसा बजेड़ जाजर देवल पिथौरागढ़ एवं आशीष कुमार उम्र 19 वर्ष पुत्र रविन्द्र कुमार, ग्राम पैकटिया बीसा बजेड़ जाजर देवल पिथौरागढ़ को रेस्क्यू कर सड़क पर पहुंचाया गया। जिसके बाद तीनों को सीएचसी लमगड़ा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को हायर सेंटर बेस अस्पताल के लिए रेफर किया गया। रेफर करने के दौरान कार चालक प्रेम कुमार ने भी दम तोड़ दिया। जबकि आशीष व आरुष का बेस अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों को गंभीर चोटें आई है।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर खाई इतनी भयंकर थी कि रात 2 बजे एसडीआरएफ को बुलाना पड़ा। इससे पहले पुलिस रेस्क्यू कर रही थी। करीब 6 घंटे तक रेस्क्यू आपरेशन चला। रात का समय होने के चलते पुलिस व एसडीआरएफ को शवों व घायलों को सड़क तक पहुंचाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

थानाध्यक्ष लमगड़ा राहुल राठी ने बताया कि सुनीता देवी के पिता की कुछ समय पहले मृत्यु हुई थी। जिसके चलते सभी लोग खटीमा गए हुए थे। चालक के परिचित होने के चलते सभी उसकी कार से घर को लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया सड़क धंसने से दुर्घटना होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस की सूचना के बाद शनिवार सुबह मृतकों व घायलों के परिजन थाना लमगड़ा पहुंचे। पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए है।

रेस्क्यू टीम में एएसआई विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक मेहरा, कांस्टेबल केशव भौत, विनोद कुमार, कमल जोशी व एसडीआरएफ शामिल रही।

Check Also

Big news

अल्मोड़ा-(बिग ब्रेकिंग):: धड़ल्ले से हो रही लीसा तस्करी, ट्रक से भारी मात्रा में लीसा बरामद

अल्मोड़ा। जिले में लीसा तस्करी का खेल जोरो पर है। पुलिस व एसओजी ने नगर …

preload imagepreload image
19:51