अल्मोड़ा: पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आन्दोलन (NMOPS) जनपद इकाई की ओर से उत्तराखण्ड में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली तथा आगामी विधानसभा चुनाव के घोषणा-पत्र में इसे प्रमुखता से शामिल किए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन एवं विधायक भुवन कापड़ी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा कि उत्तराखण्ड में 1 अक्टूबर 2005 के बाद नियुक्त सरकारी शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारियों को पुरानी पेंशन व्यवस्था से बाहर कर NPS के अंतर्गत लाया गया। संगठन ने वर्तमान पेंशन व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति के पश्चात सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को रेखांकित किया।
NMOPS के पदाधिकारियों ने मांग की कि आगामी विधानसभा चुनाव के कांग्रेस घोषणा-पत्र में उत्तराखण्ड में पुरानी पेंशन बहाली को स्पष्ट एवं प्रमुखता से शामिल किया जाए। साथ ही, सरकार बनने की स्थिति में हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर पहली ही कैबिनेट बैठक में उत्तराखण्ड में पुरानी पेंशन योजना बहाली की घोषणा करने का स्पष्ट संकल्प घोषणा-पत्र में शामिल किया जाए, ताकि प्रदेश के लाखों शिक्षक-कर्मचारियों एवं उनके परिवारों में इस विषय को लेकर स्पष्टता एवं विश्वास कायम हो सके।
उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन केवल सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली आर्थिक व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह शिक्षक-कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए इस मांग को चुनावी घोषणा-पत्र में महज आश्वासन के रूप में नहीं, बल्कि समयबद्ध निर्णय और पहली कैबिनेट में घोषणा के स्पष्ट संकल्प के रूप में शामिल किया जाना चाहिए।
NMOPS पदाधिकारियों व सदस्यों ने कहा कि संगठन लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से सरकार और विभिन्न राजनीतिक दलों के समक्ष रखता रहा है। संगठन ने मेनिफेस्टो कमेटी से आग्रह किया कि शिक्षक-कर्मचारियों की इस महत्वपूर्ण मांग को घोषणा-पत्र तैयार करते समय गंभीरता से शामिल किया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला संरक्षक डॉ. मनोज जोशी, जिलाध्यक्ष गणेश सिंह भण्डारी, जिलामंत्री भूपाल सिंह चिलवाल, प्रांतीय कोर कमेटी सदस्य धीरेन्द्र पाठक, जिला कोषाध्यक्ष दीपक तिवारी, कुमाऊँ मंडल अध्यक्ष राजू माहरा, त्रिलोक रावत,हवालबाग संक्षरक संजय जोशी, डॉ. ललित पाठक, हीरा सिंह डोबाल, मदन भण्डारी, तारा बिष्ट, जिला मीडिया प्रभारी नितेश काण्डपाल एवं जीवन साह, खुशहाल महर, त्रिभुवन सिंह, देवेश सिंह, राधा लस्पाल, सुशील बाराकोटी, मदन पाटनी, विरेन्द्र नेगी सहित सभी पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
India Bharat News Latest Online Breaking News